पंचर बनाने वाले का बेटा बना आईएएस
इकबाल अहमद और अदिति छापड़िया की यूपीएससी में शानदार सफलता से संत कबीर नगर में जश्न का माहौल
रिपोर्ट: एशिया टाइम्स ब्यूरो, संत कबीर नगर
संत कबीर नगर, 22 अप्रैल — कहते हैं कि अगर लगन, हौसला और मेहनत हो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं। इसे हकीकत में बदल कर दिखाया है जिले के फतेहपुर (नन्दौर) गांव के रहने वाले इकबाल अहमद और खलीलाबाद की अदिति छापड़िया ने, जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा 2024 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
इकबाल अहमद ने यूपीएससी 2024 में 998वीं रैंक हासिल की है। एक सामान्य परिवार से आने वाले इकबाल ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हार नहीं मानी। वर्तमान में वह श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। गांव के मदरसे से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाले इकबाल ने बेगम इसहाक नबी खां गर्ल्स इंटर कॉलेज, नन्दौर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की शिक्षा उन्होंने हरिहरपुर से बीए और बीएड कर पूरी की।
इकबाल के पिता श्री मकबूल अहमद नन्दौर में भारतीय स्टेट बैंक के पास पंचर बनाने की दुकान चलाते थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से पिछले दो वर्षों से दुकान बंद है। पांच भाई-बहनों में से एक इकबाल के दो भाई – सईयद अली और मोहम्मद अफजल – पेंटिंग का कार्य करते हैं।
उनकी सफलता पर पूर्व शिक्षक बरकतुल्लाह अंसारी, निसार अहमद खां, रियाज़ अहमद, नईम अख्तर, सोनू खां, सुहेल खान, शमशाद अहमद समेत क्षेत्रवासियों ने हर्ष जताया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, खलीलाबाद शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी और समाजसेवी श्री अशीष छापड़िया की सुपुत्री अदिति छापड़िया ने सेकेंड स्लेब्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 97 प्राप्त कर आईएएस में चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता से खलीलाबाद ही नहीं, पूरा संत कबीर नगर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
जिले भर में जश्न का माहौल है। अदिति और इकबाल, दोनों ही युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनकर उभरे हैं। इनकी कहानियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि अगर सपने सच्चे हों और इरादे बुलंद, तो किसी भी पृष्ठभूमि से उठकर देश की सबसे बड़ी परीक्षा में सफलता पाई जा सकती है।
एशिया टाइम्स की ओर से दोनों होनहारों को हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ।

0 comments