पीएम मोदी की कल दरभंगा, मुजफ्लरपुर और पटना में चुनावी रैली, 2 सभाओं में सीएम नीतीश भी साझा करेंगे मंच

बिहार में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को दूसरी बार तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। एक दिवसीय दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना की चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। पीएम की रैली को लेकर पुलिस-प्रशासन के साथ ही भाजपा और एनडीए ने भी पूरी तैयारी कर रखी है। इनमें दरभंगा और पटना की रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। 

पीएम सबसे पहले दरभंगा की चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। दरभंगा की रैली से भाजपा के आठ, जदयू के छह और वीआईपी के चार उम्मीदवार एनडीए कार्यकर्ताओं से वर्चुअल जुड़ेंगे। इस रैली के लिए राष्ट्रीय प्रभारी हरीश द्विवेदी और मनीष जायसवाल को स्टेशन प्रभारी तो देवेश कुमार और धर्मशीला गुप्ता को स्थानीय कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है। 

दूसरी रैली मुजफ्फरपुर में होगी। इसमें जदयू-भाजपा के 13-13 और वीआईपी के दो उम्मीदवार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ेंगे। इसके लिए हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय प्रभारी, डॉ के लक्ष्मण को स्टेशन प्रभारी तो अखिलश सिंह को स्थानीय कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है।

पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले तेजस्वी ने पूछे 11 सवाल, डबल इंजन सरकार से मांगे जवाब

वहीं तीसरी रैली एयरपोर्ट के समीप पटना के वेटनरी ग्राउंड में होगी। इस रैली से भाजपा के नौ और जदयू के सात उम्मीदवार एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल जुड़ेंगे। इस रैली के लिए भाजपा ने संजय टंडन को स्टेशन प्रभारी बनाया है। रैली के लिए भाजपा ने कार्यक्रम स्थल के आसपास के अलावा शहर के अन्य चौक-चौराहों पर भी बैनर-पोस्टर लगा रखे हैं। 

पुलिस-प्रशासन की पूरी तैयारी 
पीएम की चुनावी रैली को ले पुलिस-प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है। विशेष शाखा ने पहले ही सात आईपीएस की पोस्टिंग कर रखी है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में डीएसपी, इंस्पेक्टर व पुलिस बलों के अलावा अर्धसैनिक बलों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता आदि का भी इंतजाम किया गया है। पीएम की रैली में सोशल डिस्टेंसिंग का हर हाल में पालन हो, प्रशासन इसकी तैयारी में है। 

 

0 comments

Leave a Reply