अजीम प्रेमजी फाउंडेशन दिल्ली की 20 हजार छात्राओं को देगा उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति

इस छात्रवृत्ति के लिए पात्र होने के लिए छात्रा का इन राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में से किसी एक के सरकारी स्कूल से कक्षा 10 और 12 उत्तीर्ण होना जरूरी है।

नई दिल्ली (एशिया टाइम्स न्यूज़ ): अजिम प्रेमजी फाउंडेशन ने दिल्ली (एनसीटी) में अजीम  प्रेमजी स्कॉलरशिप शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत इस वर्ष दिल्ली की 20,000 तक छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।

स्कॉलरशिप के लिए चयनित प्रत्येक छात्रा को हर साल 30,000 रुपये की सहायता मिलेगी। यह राशि कॉलेज के प्रथम वर्ष से लेकर स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पूरा होने तक दी जाएगी। पाठ्यक्रम की अवधि दो से पांच वर्ष होने के आधार पर एक छात्रा को कुल 1.5 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति मिल सकती है।

छात्रवृत्ति की राशि का इस्तेमाल कॉलेज की फीस के साथ-साथ शिक्षा से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने के लिए किया जा सकता है।

वर्ष 2024 में शुरू की गई यह छात्रवृत्ति अब 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की छात्राओं के लिए उपलब्ध है। इनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली (एनसीटी), झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं।

इस छात्रवृत्ति के लिए पात्र होने के लिए छात्रा का इन राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में से किसी एक के सरकारी स्कूल से कक्षा 10 और 12 उत्तीर्ण होना जरूरी है। साथ ही, उसे देश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश मिला होना चाहिए।

फार्म भरने के लिए लिंक क्लिक करें 

https://azimpremjifoundation.org/what-we-do/education/azim-premji-scholarship/

फाउंडेशन का लक्ष्य हर वर्ष पूरे भारत में 5 लाख तक छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करना है। चूंकि अधिकांश स्नातक पाठ्यक्रम लगभग तीन वर्ष के होते हैं और छात्राओं को पूरे पाठ्यक्रम के दौरान छात्रवृत्ति मिलती रहती है, इसलिए फाउंडेशन के अनुमान के अनुसार किसी भी समय करीब 15 लाख छात्राएं अजिम प्रेमजी स्कॉलरशिप से सक्रिय रूप से लाभान्वित हो सकती हैं।

फाउंडेशन के अनुसार, वर्ष 2024 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक 1.9 लाख से अधिक छात्राओं को इस छात्रवृत्ति के तहत सहायता मिल चुकी है।

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क है। छात्राएं केवल अजिम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।

इस अवसर पर अजिम प्रेमजी फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग बेहार ने कहा कि देश और समाज के भविष्य तथा उसके कल्याण पर लड़कियों का प्रभाव किसी भी अन्य जनसमूह की तुलना में अधिक होगा। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उन्हें जीवन के सभी क्षेत्रों में समान अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा जीवनभर सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और अजिम प्रेमजी स्कॉलरशिप का उद्देश्य उन बाधाओं को दूर करना है, जिनका सामना छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने में करना पड़ता है।

कार्यक्रम के दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के दिल्ली स्टेट लीड निखिल माथुर और चीफ कम्युनिकेशंस ऑफिसर सुधीश वेंकटेश भी मौजूद रहे।

0 comments

Leave a Reply