दीपावली के बाद केजरीवाल का धर्म आधारित कोरोना बुलेटिन जारी ना करना अत्यंत सराहनीय/IMPAR
देश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने एक प्राइवेट टीवी चैनल को दिए गए एक इंटरव्यू में इस बात को स्वीकारा है कि सरकार ने पहले ही चेताया था कि कोरोना से निमटने के लिए अगर सोशल वैक्सीन का प्रयोग नहीं किया गया और लोगों ने कोरोना के अनुसार अपना बर्ताव नहीं किया तो त्योहारों के मौसम में कोरोना के मामले में वृद्धि हो सकती है. ज्ञात रहे कि दिवाली के शुभ अवसर पर सरकार की तरफ से की गयी तमाम कोशिशों के बावजूद जिस तरह से बड़े पैमाने पर बाजारों में शॉपिंग देखने को मिली है और उस के बाद जिस तरह से दिल्ली और नॉर्थ इंडिया के शहरों में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है वह दुखद है.
इस पूरे मामले में इम्पार (IMPAR) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दीपावली के बाद मामलों में वृद्धि हुयी और उस पर ना ही कोई डिबेट हुयी ना कोई हंगामा और पूरी तरह से खामोशी छाई रही यह अच्छा है. इम्पार ने मीडिया के इस जिम्मेदाराना बर्ताव की प्रशंसा करते हुए कहा है कि अगर मीडिया का यही रवैया कोरोना के शुरूआती दिनों में होता तो देश में इस तरह से नफरत नहीं फैलती जिस तरह की नफरत मीडिया के एक धड़े की चूक के कारण फैली.
इम्पार ने कहा है कि हमें मार्च 2020 के आखरी और अप्रैल 2020 के शुरुआती दिनों को देखने की जरूरत है जब मीडिया के एक धड़े ने एक विशेष समुदाय के लोगों को कोरोना जिहादी और एक विशेष जगह को कोरोना जिहाद का सेंटर बता कर के समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की थी.
इम्पार ने कहा है कि कुछ चैनलों की ओर से कोरोना जिहाद जैसी डिबेट कराए जाने से मुसलमानों को काफी तकलीफ पहुंची है और माहौल भी काफी खराब हुआ है और इसकी वजह से समुदायों के बीच तनाव भी पैदा हुआ है और देश में कम्युनल वातावरण को बढ़ावा मिला है. इम्पार ने मीडिया को बधाई देते हुए कहा है कि जिस तरह से दीपावली जैसे त्योहारों में मीडिया ने इस तरह के प्रोग्राम आयोजन ना करके जिम्मेदारी का सबूत दिया है वह काफी सराहनीय है और इम्पार को पूर्ण विश्वास है कि मीडिया का भविष्य में भी यह जिम्मेदाराना रवैया जारी रहेगा, जिससे सभी समुदायों के बीच बेहतर वातावरण बनेगा.

0 comments