उत्तर प्रदेश में मुस्लिम बुज़ुर्ग के साथ मारपीट, लगवाए जय श्री राम के नारे, काटी दाढ़ी

"वह मुझे एक कुटिया में ले गए जहां उन्होंने मुझे पीटा... उन्होंने मेरा मोबाइल ले लिया और मेरी दाढ़ी काटने के लिए चाक़ू ले आए"

नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें कुछ गुंडे एक बुज़ुर्ग व्यक्ति को पीट रहें हैं व उनके साथ गाली-गलौज कर रहे हैं। दरअसल यह घटना उत्तर-प्रदेश के लोनी की है जहां अब्दुल समद नाम के शख़्स के साथ 5 मई को मारपीट की गई।

अब्दुल समद सैफ़ी रोज़ की तरह नमाज़ पढ़ने की लिए मस्जिद जा रहे थे। रास्ते में गुंडों ने उन्हें रोका और ज़बरदस्ती एक कुटिया में ले गए। वहां अब्दुल समद के साथ मारपीट की गई। 

अब्दुल समद का कहना है कि उन्हें जय श्री राम और वंदे मातरम के नारे लगाने के लिए कहा गया था। ऐसा न करने पर उनकी घूंसो और लाठियों से पिटाई की गई। गुंडों ने अब्दुल समद की दाढ़ी भी काट दी। 

 मैं मस्जिद जा रहा था, मेरे ऑटो में बैठने के बाद दो और लोग ऑटो में घुस आए और उन्होंने मुझसे चुपचाप बैठे रहने को कहा। उसके बाद वह मुझे एक कुटिया में ले गए जहां उन्होंने मुझे पीटा और नारे लगाने के लिए कहा। उन्होंने मेरा मोबाइल ले लिया और मेरी दाढ़ी काटने के लिए चाक़ू ले आए। कहते हुए अब्दुल समद रोने लगे।

गुंडों ने अब्दुल समद से यह भी कहा कि वे उनसे पहले कई मुसलमानों को मार चुके हैं। साथ ही उन्हें कई वीडियो भी दिखाए गए। 

पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर परवेश गुज्जर नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। क्लेरियॉन इंडिया से बात करते हुए लोनी पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अफ़सर ने बताया कि यह घटना कुछ दिनों पहले लोनी बॉर्डर पर हुई थी। पुलिस और आरोपियों की तलाश कर रही है। 

0 comments

Leave a Reply