सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को पुलिस ने 2 महिलाओं समेत तीन लोगों को किया गिरफ्तार

सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को पुलिस ने 2 महिलाओं समेत तीन लोगों को किया गिरफ्तार

नैनीताल | उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन ईनामी सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलायें भी शामिल हैं।

पुलिस की ओर से इस मामले पर से पर्दा हल्द्वानी में उठाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की ओर से इस बार हल्द्वानी के पुरानी आईटीआई निवासी एक युवक को शिकार बनाया गया।

युवक को सरकारी नौकरी का झांसा देकर नौ लाख रूपये ठग लिये और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर फरार हो गये। मामले का खुलासा तब हुआ जब युवक के भाई करन ङ्क्षसह बोरा ने पुलिस में इस आशय की शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 420, 468, 471 एवं 120बी के तहत मामला दर्ज कर धरपकड़ शुरू कर दी।

इस दौरान पुलिस की हाथ गिरोह की एक सदस्य अंशु मौर्य लग गयी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया जेल भेज दिया गया। इसके अलावा  तीन आरोपी रजत भुटानी, पुत्र बंशीलाल भुटानी, दीपा भुटानी पत्नी रजत भुटानी व किरन आर्य निवासी भगवान सहाय के पास, सेक्टर 17, थाना प्रतापनगर, जयपुर फरार हो गये थे। बताया जा रहा है कि किरन आर्य मूल रूप से कौसानी, बागेश्वर के जड़ापानी गांव की रहने वाली है।

पुलिस की ओर से इनकी गिरफ्तारी के लिये कई जगह दबिश दी गयी लेकिन तीनों पुलिस की आंखों में धूल झोंकते रहे। इसके बाद पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिये अदालती कार्यवाही की लेकिन स्थायी पता नहीं होने के चलते अमले में नहीं लाया जा सका।

आखिरकार पुलिस को तीनों पर ईनाम घोषित करना पड़ा। रजत पर 2500 जबकि दोनों महिलाओं पर 1500-1500 रूपये का ईनाम घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करने के लिये हल्द्वानी व दिल्ली से लेकर जयपुर में कई जगह दबिश दी। आखिरकार तीनों को आज गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया और बताया कि अभी तक वह ठगी के कई मामलों को अंजाम दे चुके हैं और सरकारी नौकरी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 60 से 70 लाख रूपये ठग चुके हैं।

तीनों पहली बार पकड़े गये हैं। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि वे ठगी करने के बाद तुरंत मलेशिया भाग जाते थे। इस बार भी विदेश भागने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके पास से तीन पासपोर्ट और अन्य कागजात भी बरामद किये हैं।

0 comments

Leave a Reply