रामनवमी पर हिंसा... मुस्लिम देशों के संगठन ने चिंता जताई:OIC ने कहा- भारत दोषियों पर कार्रवाई करे

जद्दह : मुस्लिम देशों के संगठन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन यानी OIC ने रामनवमी पर भारत के अलग-अलग हिस्सों में हुई हिंसा पर चिंता जाहिर की है। इस मामले में संगठन की तरफ से एक बयान जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि भारत में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा से हम चिंतित हैं।
बिहार की घटना का जिक्र
OIC जनरल सेक्रेटेरियट की तरफ से जारी बयान में बिहार के बिहार शरीफ में 31 मार्च को हुई हिंसा का खास तौर पर जिक्र किया गया है। आरोप है कि इस घटना में एक लाइब्रेरी को आग के हवाले कर दिया गया। बयान में इस्लामोफोबिया का भी जिक्र किया गया है।
बयान में भारत सरकार और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन्स से मांग की गई है कि वो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। इसके अलावा नालंदा में हुई हिंसा की इस बयान में चर्चा की गई है। नालंदा पुलिस ने कहा है कि हिंसा के मामले में अब तक 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
क्या है OIC
1967 की अरब-इजराइल जंग के बाद मई 1971 में OIC की स्थापना हुई थी। इसका मकसद ही फिलिस्तीन की मदद करना और उसे इजराइल के साए से मुक्त कराना था। शुरुआत 30 देशों से हुई थी, आज 57 देश इसके सदस्य हैं। इनकी कुल मिलाकर आबादी करीब 180 करोड़ है।


0 comments