ब्रिटेन की पीएम लिज ट्रस ने किया इस्तीफे का एलान, कहा – पूरे नहीं कर पाई चुनाव में किए वादे

 

लन्दन :  ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने हाल ही में कहा था कि वे मैदान छोड़ने की बजाय हालात का सामना करेंगी, लेकिन अब उन्होंने अपनी नाकामी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देने का एलान कर दिया है.

ब्रिटेन का राजनीतिक संकट गहराता ही जा रहा है. महज 45 दिन पहले देश की कमान संभालने वाली लिज़ ट्रस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा देने का एलान कर दिया. 10 डाउनिंग स्ट्रीट के अपने दफ्तर के बाहर ट्रस ने कहा कि वे अपने वादे पूरे करने में सफल नहीं रहीं और इस नाकामी को स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे रही हैं.


ट्रस ने बताया कि उन्होंने इस्तीफा देने के अपने फैसले की जानकारी किंग चार्ल्स को भी दे दी है और अगले प्रधानमंत्री के कार्यभार संभालने तक पद पर बनी रहेंगी.


ट्रस ने माना कि वे चुनाव के दौरान जिन वादों को पूरा करने का एलान करके प्रधानमंत्री बनी थीं, उन्हें पूरा करने में नाकाम रही हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही लिज ट्रस को अपनी आर्थिक नीतियों के कारण लगातार कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था. हाल ही में उन्हें अपने वित्त मंत्री को बदलना पड़ा था.


लेकिन उसके बावजूद वे लगातार विरोधियों के निशाने पर बनी हुई थीं. पिछले कई दिनों से चर्चा हो रही थी कि क्या ट्रस अपनी कुर्सी बचा पाएंगी? उन्होंने एक दिन पहले ही बयान दिया था कि वे मैदान छोड़ने की बजाय हालात का सामना करेंगी, लेकिन ऐसा हो न सका. 

 

0 comments

Leave a Reply