कॉमनवेल्थ गेम्स का तीसरा दिन:घाना के खिलाफ हॉकी में भारत की बड़ी जीत, 11-0 जीता मुकाबला; जेरेमी लालरिनुंगा ने वेटलिफ्टिंग में जीता गोल्ड
कॉमनवेल्थ गेम्स के तीसरे दिन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल-बी में घाना को 11-0 से रौंद दिया। भारत के लिए आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे। उपकप्तान हरमनप्रीत ने सबसे ज्यादा तीन और जुगराज ने 2 गोल दागे। भारत ने पहले हाफ में पांच और दूसरे हाफ में छह गोल किए। ग्रुप स्टेज में भारत का अगला मुकाबला इंग्लैंड से होगा।

साइकिलिंग इवेंट के दौरान हुआ बड़ा हादसा
कॉमनवेल्थ गेम्स में ली वैली वेलोड्रोम में एक बड़ी घटना घटी। इसके चलते अंग्रेजी साइकिल चालक जोसेफ ट्रूमैन घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। दरअसल, इंग्लैंड के साइकिल चालक जोसेफ ट्रूमैन साइकिलिंग इवेंट के दौरान एक भयानक दुर्घटना के बाद बेहोश हो गए थे। जैसे ही वह टकराकर गिरे डॉक्टर्स द्वारा ट्रैक पर ही उनका इलाज किया गया बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। स्कैन से पता चला कि उनकी हड्डी टूट गई। ऐसे में वह बचे हुए राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हो गए हैं।


जोशना चिनप्पा स्क्वैश में सेमीफाइनल में पहुंची
जोशना चिनप्पा ने महिला एकल के सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उन्होंने न्यूजीलैंड की कैटलिन वाट्स को 3-1 से क्वार्टरफाइनल में हराया। 18 बार की राष्ट्रीय चैंपियन चिनप्पा ने 11-8, 9-11, 11-4, 11-6 से मैच को अपने नाम कर लिया। अब उनका मुकाबला अंतिम-8 में कनाडा की हॉली नॉटन से होगा।
भारत को मिला दूसरा गोल्ड
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने दूसरा गोल्ड और ओवरऑल 5वां मेडल जीत लिया है। 19 साल के वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिनुंगा ने बीच मुकाबले के दौरान चोटिल होने के बावजूद हार नहीं मानी और मेंस 67 KG कैटेगरी में सुनहरी कामयाबी हासिल की। उन्होंने स्नैच में 140 और क्लीन एंड जर्क में 160 KG वेट उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 300 KG वेट उठाया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। समोआ के वाइवापा आइओने (293 KG) ने सिल्वर जीता।
मिजोरम के जेरेमी ने स्नैच में अपने पहले प्रयास में 136 KG का वेट उठाया और गोल्ड मेडल पोजीशन पर आ गए। दूसरे प्रयास में उन्होंने 140 KG वेट उठाकर गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए अपनी पोजीशन और मजबूत कर ली है। जेरेमी ने तीसरी कोशिश 143 KG वेट पर की। लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली।
स्कॉश में जोशना चिनप्पा ने महिला एकल में न्यूजीलैंड की कैटलिन वाट्स को 11-8, 9-11, 11-4, 11-6 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, पोपी हजारिका से पदक की उम्मीद खत्म हो चुकी है। वह 183 किलो स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहीं।
भारतीय वेटलिफ्टर ने क्लीन एंड जर्क के अपने पहले अटैम्प्ट में 154 और दूसरे अटैम्प्ट में 160 KG वेट उठाया है। तीसरी कोशिश में उन्होंने 164 KG का वेट ट्राय किया। लेकिन कामयाबी नहीं मिली। हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने गोल्ड जीत लिया। क्लीन एंड जर्क के अपने पहले प्रयास के दौरान जेरेमी चोटिल हो गए। इसके बावजूद वे दो बार और लिफ्ट करने आए।
जेरेमी लालरिनुंगा 2018 यूथ ओलिंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। साथ ही उन्होंने 2021 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीता था।
बॉक्सिंग : निखत जरीन एकतरफ जीत से क्वार्टर फाइनल में
हैदराबाद की निखत जरीन ने 50 KG विमेन बॉक्सिंग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में मोजाम्बिक की हलीना स्माइल बागो को RSC के तहत पराजित कर दिया है। फाइट के दौरान जब कोई मुक्केबाज अस्थिर हो जाता है तो रेफरी उस फाइट को रोककर दूसरे को विजेता घोषित कर देता है। थोड़ी देर से शिव थापा 63.3 KG में भारतीय चुनौती पेश करेंगे।
जिम्नास्ट योगेश्वर 15वें स्थान पर रहे
भारतीय जिम्नास्ट योगेश्वर सिंह आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के मेंस ऑल राउंड इवेंट के 15वें नंबर पर रहे। उन्होंने कुल 74.700 अंक अर्जित किए।
टेबल टेनिस में भारत 2-0 से आगे
टेबल टेनिस में भारत के सरत कमल ने बांग्लादेश के मोहम्मद शब्बीर को 11-4, 11-7, 11-2 से हराया। इसके साथ ही ग्रुप मैच में भारत ने बांग्लादेश पर 2-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब है।
स्विमिंग में श्रीहरि सेमीफाइनल में पहुंचे
स्विमिंग में 50 मीटर बैकस्ट्रोक में भारत के श्रीहरि नटराज दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 25.52 का समय निकाला और सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
लॉन बॉल : तानिया चौधरी ने ओनिल को हराया
लॉन बॉल के विमेंस सिंगल्स इवेंट के राउंड-4 मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी तानिया चौधरी ने नार्थन आयरलैंड की शौना ओनिल को पराजित कर दिया है। उन्होंने 21-12 से जीत हासिल की है।

वहीं, दोपहर 01:30 बजे से आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में योगेश्वर सिंह पदक के लिए मैदान पर उतरेंगे। दोपहर 2 बजे से वेटलिफ्टिंग मेंस 67 Kg ऑल ग्रुप्स कैटेगरी में जेरेमी लालरिनुंगा वजन उठाएंगी। दोपहर 3 बजे एक्वेटिक्स, स्वीमिंग एंड पारा स्विमिंग हीट 3 में साजन प्रकाश का मुकाबला होगा। दोपहर 3:21 बजे स्वीमिंग एंड पारा स्वीमिंग हीट 6 श्रीहरि नटराज का मैच खेला जाएगा। शाम 4:30 बजे बॉक्सिंग में ओवर 60Kg-63.5kg शिव थापा Vs रीस लिंच का मैच होगा।

0 comments