इमरान के घर पुलिस एक्शन किसी भी वक्त:खान के घर छिपे आतंकियों को सौंपने का अल्टीमेटम खत्म; रेसिडेंस जाने वाले तमाम रास्ते बंद

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के घर सिक्योरिटी फोर्सेज किसी भी वक्त रेड कर सकती हैं। पंजाब प्रांत की केयरटेकर गवर्नमेंट के मुताबिक- खान के जमान पार्क वाले घर में 40 आतंकी छिपे हुए हैं। बुधवार को इन्हें सिक्योरिटी फोर्सेज के हवाले करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था, यह गुरुवार दोपहर 2 बजे खत्म हो गया।

इसके बाद पुलिस, रेंजर्स और आर्मी की कम्बाइंड टीम ने ऑपरेशन की तैयारी मुकम्मल कर ली। खान ने मीडिया को घर बुला लिया।

गुरुवार को ही इमरान को नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) ने अल कादिर ट्रस्ट केस में पूछताछ के लिए बुलाया था। अब तक वो पेश नहीं हुए हैं। पाकिस्तानी अखबार 'द डॉन' के मुताबिक, खान की लीगल टीम ने उन्हें NAB को लिखित जवाब सौंपने की सलाह दी है।

सरकार के मुताबिक- अल कादिर ट्रस्ट केस में 60 अरब पाकिस्तानी रुपए का घोटाला हुआ है। इमरान, पत्नी बुशरा बीबी और बुशरा की दोस्त फराह गोगी इस एजुकेशनल ट्रस्ट में ट्रस्टी हैं। जांच एजेंसी के पास ब्रिटिश सरकार के वो डॉक्यूमेंट्स भी मौजूद हैं, जिनमें 40 अरब रुपए पाकिस्तान भेजे जाने का जिक्र है।

होम मिनिस्टर बोले- हमारे पास सबूत

पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह। (फाइल)
पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह। (फाइल)

पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने जियो न्यूज से कहा- हमारे पास तमाम टेक्निकल एविडेंस हैं। 8 मई को खैबर पख्तूनख्वा से करीब 88 लोग जमान पार्क लाए गए थे। इन्हीं लोगों ने 9 मई को जिन्ना हाउस, आर्मी हेडक्वॉर्टर और ISI हेडक्वॉर्टर पर हमले किए थे। इन लोगों की शिनाख्त के बाद मोबाइल फोन ट्रैस किए गए। लोकेशन जमान पार्क में मिली। या तो खान खुद इन्हें सौंप दें, या सिक्योरिटी फोर्सेज अपना काम करेंगी।

राणा ने आगे कहा- ये 40 लोग वही हैं, जिन्हें जब इमरान प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने रिहा किया था। इनका ताल्लुक तालिबान से है। खान अब इन्हें सिक्योरिटी फोर्सेज के खिलाफ इस्तेमाल कर रहे हैं।

इमरान का घर लाहौर के जमान पार्क इलाके में है। इसकी तरफ जाने वाले हर रास्ते को सिक्योरिटी फोर्सेज ने बंद कर दिया है। हर जगह फोर्स मौजूद है।
इमरान का घर लाहौर के जमान पार्क इलाके में है। इसकी तरफ जाने वाले हर रास्ते को सिक्योरिटी फोर्सेज ने बंद कर दिया है। हर जगह फोर्स मौजूद है।

NAB के सामने पेश नहीं हो रहे इमरान-बुशरा

  • पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक इमरान गुरुवार को NAB के सामने पेश होंगे या नहीं, इस पर सवालिया निशान है। वजह ये है कि NAB अब तक कई बार उन्हें पूछताछ के लिए बुला चुकी है, लेकिन खान और उनकी पत्नी हाजिर ही नहीं होते। हर बार उनके वकील कोई न कोई बहाना बनाकर कोर्ट से राहत हासिल कर लेते हैं।
  • इसी अल कादिर ट्रस्ट केस में 9 मई को NAB ने खान को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी को 8 दिन की रिमांड भी मिली थी, लेकिन इसके पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने खान को रिहा कर दिया। अब उन्हें तमाम केसों में 31 मई तक गिरफ्तारी से राहत दी जा चुकी है।
  • NAB के एक अफसर ने कहा- सुप्रीम कोर्ट ने खान से साफ कहा है कि उन्हें जांच एजेंसी के साथ हर तरह का सहयोग करना होगा। इसका मतलब ये हुआ कि अगर वो पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए तो उनकी परेशानियां बढ़ जाएंगीं।
9 और 10 मई को पाकिस्तान के कई बड़े शहरों में PTI कार्यकर्ताओं ने हिंसा और आगजनी की थी। 3 दिन स्कूल और कॉलेज बंद रहे थे।
9 और 10 मई को पाकिस्तान के कई बड़े शहरों में PTI कार्यकर्ताओं ने हिंसा और आगजनी की थी। 3 दिन स्कूल और कॉलेज बंद रहे थे।

लाहौर वाले घर को सिक्योरिटी फोर्सेज ने घेरा

  • पंजाब प्रांत की केयरटेकर सरकार ने बुधवार को कहा था- इमरान खान के घर 40 आतंकी छिपे हैं। अगर खान ने 24 घंटे में इन्हें पुलिस के हवाले नहीं किया तो फिर सिक्योरिटी फोर्सेज कार्रवाई करेंगीं। 24 घंटे की डेडलाइन गुरुवार दोपहर 2 बजे खत्म हो गई।
  • जैसे ही पंजाब सरकार के मिनिस्टर आमिर मीर ने यह बयान दिया, उसके चंद मिनट बाद सिक्योरिटी फोर्सेज ने खान के घर जमान पार्क जाने वाले हर रास्ते को बंद कर दिया। यहां पुलिस, रेंजर्स के अलावा फौज भी मौजूद है।
  • आमिर ने कहा था- खान के घर छिपे 40 दहशतगर्द वही हैं, जिन लोगों ने सिक्योरिटी फोर्सेज पर पेट्रोल बम फेंके और फायरिंग की। ये वही लोग हैं जिन्होंने आर्मी हेडक्वॉर्टर पर अटैक किया। उम्मीद करते हैं कि खान 24 घंटे में इन तमाम लोगों को पुलिस और सिक्योरिटी फोर्सेज के हवाले कर देंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हमारी टीमें एक्शन के लिए तैयार हैं।
तस्वीर लाहौर की है। यहां 9 मई को भीड़ ने एम्बुलेंस को रोक लिया था, बाद में उसे आग के हवाले कर दिया था। मरीजों को उसमें से उतार दिया गया था।
तस्वीर लाहौर की है। यहां 9 मई को भीड़ ने एम्बुलेंस को रोक लिया था, बाद में उसे आग के हवाले कर दिया था। मरीजों को उसमें से उतार दिया गया था।

फौज ने कहा- माकूल जवाब देंगे
मंगलवार को फौज के कोर कमांडर्स और फिर नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की मीटिंग हुई थी। हिंसा और अपने अफसरों के घर हमले पर फौज ने कहा- हमले साजिश के तहत हुए। फौज को गद्दार बताया जा रहा है। हमने गुनहगारों की पहचान कर ली है। अब उन्हें माकूल जवाब दिया जाएगा। ये जरूरी है, क्योंकि कुछ लोग सिविल वॉर चाहते हैं। इस्लामाबाद में रेड अलर्ट है।

9 मई को हुई हिंसा में 8 लोगों की मौत हुई थी। इमरान का दावा है कि पुलिस फायरिंग में 25 लोगों की मौत हुई थी।
9 मई को हुई हिंसा में 8 लोगों की मौत हुई थी। इमरान का दावा है कि पुलिस फायरिंग में 25 लोगों की मौत हुई थी।

क्या है अल-कादिर ट्रस्ट केस

  • सरकार के मुताबिक खान जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने लैंड माफिया मलिक रियाज को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाया। लंदन में उसके 40 अरब जब्त कराए। बाद में ये पैसा ब्रिटेन सरकार ने पाकिस्तान को सौंप दिया। इमरान ने यह जानकारी कैबिनेट को भी नहीं दी। आरोप है कि यह पैसा एक सीक्रेट अकाउंट के जरिए इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के खाते में ट्रांसफर कराई गई।
  • इसके बाद इमरान ने अल कादिर ट्रस्ट बनाया। इसने मजहबी तालीम देने के लिए अल कादिर यूनिवर्सिटी बनाई। इसके लिए अरबों रुपए की जमीन मलिक रियाज ने दी। बुशरा बीबी को डायमंड रिंग भी गिफ्ट की। बदले में रियाज के तमाम केस खत्म कर दिए गए। उसे करोड़ों रुपए के सरकारी ठेके भी मिले।
  • होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने कहा- 60 अरब रुपए की चपत सरकारी खजाने को लगी। 13 महीने में एक बार भी इमरान या बुशरा पूछताछ के लिए नहीं आए। 4 साल बाद भी इस यूनिवर्सिटी में 32 स्टूडेंट्स ही हैं।

ये खबरें भी पढ़ें...
सिविल वॉर की तरफ बढ़ता पाकिस्तान VIDEO:सबसे बड़ा राज्य पंजाब फौज के हवाले, हर शहर में हिंसा-आगजनी, एक हजार PTI वर्कर्स गिरफ्तार

पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 9 मई को दोपहर करीब 3 बजे गिरफ्तार किया गया था। अल-कादिर ट्रस्ट स्कैम केस में पाकिस्तानी रेंजर्स ने NAB (नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो) के आदेश पर ये गिरफ्तारी की। पाकिस्तान के अखबार ‘द डॉन’ के मुताबिक अल कादिर ट्रस्ट घोटाला करीब 60 अरब पाकिस्तानी रुपए का है और इसका फायदा इमरान, पत्नी बुशरा बीबी और बुशरा की दोस्त फराह गोगी ने उठाया।

 

0 comments

Leave a Reply